हाथरस में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर बिसाना के निकट एक रोडवेज बस और आलू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच भीषण टक्कर हो गई। यह हादसा चंदपा कोतवाली क्षेत्र में हुआ। इस हादसे में बस में सवार कई यात्री घायल हो गए, जबकि हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। 
मंगलवार की देर रात अलीगढ़ से आगरा जा रही सोहराब गेट डिपो मेरठ की रोडवेज बस एनएच-93 पर आलू लेकर आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें लगीं। टक्कर से रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही चंदपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही पुलिस ने हाईवे पर बाधित आवागमन को सुचारु कराया। इस दौरान करीब आधा घंटे तक जाम भी लगा रहा, जिसे पुलिस ने खुलवाया।









