सिकंदरा राउ में नवरात्रि और ईद के त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभाग की टीम ने तहसील क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई कर कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए। यह अभियान शासन के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत आमजन को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान, महाकालेश्वर ट्रेडिंग कंपनी से परी कॉर्नफ्लेक्स मिक्सचर और पंजाबी मिक्सचर के नमूने लिए गए। कमल मिष्ठान भंडार और देवेंद्र मिष्ठान भंडार से खोया के दो नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। इसके अतिरिक्त, पंत चौराहा स्थित भारद्वाज किराना स्टोर से संदेह के आधार पर कूटू के आटे का एक नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर दालें, मसाले, दूध से बनी मिठाइयां, बेसन के लड्डू और चटनी जैसे अन्य खाद्य पदार्थों की भी जांच की। जांच रिपोर्ट तैयार कर संबंधित खाद्य कारोबारियों को आवश्यक जानकारी दी गई और उन्हें खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
विभाग ने एक जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया, जिसके तहत लोगों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करने और उससे बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसी छापामार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, करतार सिंह और पारुल सिंह शामिल रहे।









