हाथरस।कोतवाली सदर क्षेत्र में शातिर चोर लगातार पुलिस पेट्रोलिंग को चुनौती दे रहे हैं। बीते 10 दिनों में चोरों ने तीन सूने पड़े घरों को निशाना बनाकर पेट्रोलिंग व्यवस्था की पोल खोल दी है। ये सभी घटनाएं आगरा रोड चौकी क्षेत्र में हुई हैं।
बताया जाता है कि 11 अप्रैल की रात चोरों ने पुष्प विहार कॉलोनी के बंद पड़े दो मकानों में घुसकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया था। इसके बाद अब ताजा मामला नगला भोजा क्षेत्र से सामने आया है, जहां चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया।
पीड़ित श्याम कुमार के अनुसार वह पिछले एक सप्ताह से घर से बाहर थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में घुस गए और करीब 2 से 2.5 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। जब वह किसी कार्यक्रम से लौटकर घर पहुंचे, तब उन्हें चोरी की घटना की जानकारी हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं।









