हाथरस। हसायन ब्लॉक के ग्राम कटई में रविवार को एक ही परिवार के 8 लोग डायरिया की चपेट में आ गए। मामले की सूचना पर मौके पर सीएमओ डॉ राजीव राय पहुच गए और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सि. राऊ में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों की हालत में सुधार है।
जानकारी के अनुसार परिवार ने 25 अप्रैल को चावल और लौकी की सब्जी का सेवन किया था। रात में उसी भोजन को दोबारा खाने के बाद करीब एक घंटे में सभी को पेट दर्द और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। प्राथमिक जांच में मामला फूड पॉयजनिंग का माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गांव में सर्वे किया, लेकिन अन्य घरों में कोई प्रभावित नहीं मिला। साथ ही लगाए गए चिकित्सकीय शिविर में 38 मरीजों का उपचार किया गया। फिलहाल गांव की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।









