हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला बरी में पुरानी रंजिश और खेत में पानी छोड़ने के विवाद को लेकर एक दंपती पर नामजद लोगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित राजकुमार पुत्र जगदीश प्रसाद का आरोप है कि रविवार सुबह आरोपी उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उस पर तथा उसकी पत्नी निधि पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
राजकुमार ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उस पर तमंचे से फायर करने की भी कोशिश की, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हमले में घायल पति-पत्नी को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मारपीट की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।










