हाथरस। जिले में बरसात के मौसम के दौरान सांप के काटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रविवार को हसायन क्षेत्र के एक गांव निवासी 18 वर्षीय खुशी पुत्री सुखराम को सांप ने काट लिया। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ला रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
दूसरी घटना में हसायन क्षेत्र के गांव जवाहरगढ़ निवासी 35 वर्षीय उषा पत्नी सुरेंद्र खेत में काम कर रही थीं, तभी सांप ने उन्हें काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
वहीं इगलास क्षेत्र के गांव नगला मोहन निवासी 19 वर्षीय बबीता पुत्री विनोद कुमार को परिजन मृत अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को घर ले गए। चिकित्सकों ने बरसात के मौसम में खेतों और झाड़ियों के आसपास काम करते समय विशेष सावधानी बरतने तथा सांप के काटने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है।










