हाथरस। थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव उधैना में 35 वर्षीय गर्भवती महिला सोनिया की अचानक तबीयत बिगड़ने से इलाज के दौरान मौत हो गई। वह नौ माह की गर्भवती थी और गर्भस्थ शिशु की भी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोनिया की शादी वर्ष 2018 में उधैना निवासी किसान किशन कुमार से हुई थी। वह मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी। दंपति का एक बच्चा है और सोनिया दूसरी बार गर्भवती थी। तबीयत बिगड़ने पर पहले उसे सादाबाद और बाद में हाथरस के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मायके पक्ष को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जाएगी।










