हाथरस।उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए राहत भरी खबर है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पत्रकारों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नया पोर्टल तैयार किया गया है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पोर्टल को शुरू करने की सहमति दे दी है। साथ ही, जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनके कार्ड बनवाने की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
28 अक्टूबर 2026 को सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में इस संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने नए पोर्टल की कार्यप्रणाली का प्रस्तुतिकरण किया।
लाइव डेमो के जरिए मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाने, आवेदन करने, सत्यापन करने और कार्ड डाउनलोड करने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। इस कार्यक्रम में सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को पत्रकारों के लिए सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके।
उन्होंने प्रदेश के सभी सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी सभी औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूरी कर आवेदन पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। साथ ही, इसकी जानकारी मुख्यालय को भी दी जाए, जिससे आगे की कार्रवाई जल्द पूरी की जा सके।
सूचना निदेशक ने इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश भी दिए।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस नई व्यवस्था से उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आसान होने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलने की उम्मीद है।










