हाथरस। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 13 नवंबर 2026 को दोपहर 2:40 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित पाए गए।

इस दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचे सभी 337 मरीजों का आभा आधारित पंजीकरण किया जा चुका था। प्रसूति वार्ड में दो प्रसूताएं भर्ती मिलीं। सीएमओ ने दोनों प्रसूताओं से अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली, जिस पर उन्होंने संतोषजनक फीडबैक दिया।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि किसी भी मरीज को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए नहीं कहा गया था। हालांकि, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट और फार्मेसी के कुछ स्थानों पर गंदगी मिलने पर सीएमओ ने तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि प्रतिदिन कम से कम दो बार अस्पताल का भ्रमण कर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसके अलावा अस्पताल में स्थापित वाटर कूलर एक सप्ताह से खराब मिलने पर उसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।










