हाथरस। मतदाताओं की सुविधा और निर्वाचन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जनपद हाथरस में 17 नवंबर 2026 से डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर यानी डीसीसी शुरू होने जा रहा है। इसके माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम कटवाने, विवरण में संशोधन कराने और मतदान केंद्र सहित निर्वाचन से जुड़ी तमाम जानकारियां घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत 17 नवंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है।

मतदाता डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर के टोल फ्री नंबर 1950 और लैंडलाइन नंबर 05722-297083 पर कॉल करके निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा नागरिक अपनी शिकायतें और सुझाव भी दर्ज करा सकेंगे।
डीसीसी के माध्यम से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम विलोपित कराने, नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन, बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ की जानकारी, मतदान केंद्र और मतदाता पहचान पत्र से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
वहीं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष कैंप दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों पात्र नागरिक अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। नाम या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 और अपात्र मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 भर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और मतदाता सूची में अपना पंजीकरण अवश्य सुनिश्चित कराएं, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।










