हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव पुन्नेर में रविवार तड़के 60 वर्षीय वेल्डिंग कारीगर किशन पाल पुत्र रामसहाय ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के बेटे गोपाल ने बताया कि उनके पिता की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी से दो बेटे हैं, जबकि दूसरी पत्नी से एक बेटा और एक बेटी हैं। दूसरी पत्नी से पिता का लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। आए दिन होने वाली कहासुनी के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे।

बेटे ने घरेलू कलह को आत्महत्या की संभावित वजह बताया है। घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।










