हाथरस।प्यार की खातिर आठ महीने पहले परिवार से अलग होकर शादी करने वाली एक युवती की जिंदगी में अब ऐसा मोड़ आ गया कि पति-पत्नी का विवाद छत से छलांग लगाने तक पहुंच गया। कोतवाली सदर क्षेत्र की बिछुआ गली में पति से विवाद के बाद हर्षिता ने घर की छत से छलांग लगा दी।

बताया जाता है कि चौबे वाले महादेव आदर्श नगर निवासी हर्षिता ने करीब आठ महीने पहले बिछुआ गली निवासी अभय कुमार से प्रेम विवाह किया था। अभय दिल्ली में रैपिडो चालक है। हर्षिता का आरोप है कि अब उसका पति उसे अपने साथ नहीं रखना चाहता। इतना ही नहीं, उसने तलाक के लिए भी अर्जी दे दी है। हर्षिता का कहना है कि वह अपने पति के बिना नहीं रह सकती और इसी तनाव के चलते उसने आत्महत्या करने की बात भी कही।
उधर, घटना के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। लेकिन यहां भी एक और घटनाक्रम देखने को मिला। हर्षिता बिना इलाज कराए अस्पताल से जाने लगी। पुलिस और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे समझाया, जिसके बाद उसे दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, हर्षिता की सास का पक्ष इससे अलग है। उनका कहना है कि हर्षिता घर में अक्सर विवाद करती है, इसके बावजूद परिवार उसे साथ रखने के लिए तैयार है।
आठ महीने पहले प्रेम विवाह से शुरू हुई जिंदगी में आखिर ऐसा क्या हुआ कि मामला इस हद तक पहुंच गया फिलहाल पति-पत्नी के बीच का यह विवाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।










