हाथरस। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन और दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की संशोधित समय-सारिणी की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए सभी राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंट यानी बीएलए के माध्यम से पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक निर्धारित की गई है।

वहीं, विशेष अभियान दिवस 21, 22, 28 और 29 नवंबर को आयोजित किए जाएंगे। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

बैठक में भाजपा, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, अपना दल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी गोपाल गुप्ता एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










