हाथरस। थाना सासनी क्षेत्र के गांव किशनगढ़ी विझारी में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजन बच्चे को उपचार के लिए हाथरस जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सात वर्षीय कार्तिक पुत्र गोपाल अपने पिता के साथ गांव किशनगढ़ी विझारी में अपनी बुआ के घर घूमने आया हुआ था। बताया जा रहा है कि बुआ के घर के पास कुछ किन्नर बधाई मांगने आए थे और वहां नाच-गाना कर रहे थे। नाच-गाने की आवाज सुनकर कार्तिक छत पर पहुंच गया और छज्जे पर खड़े होकर कार्यक्रम देखने लगा। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में उसका हाथ आ गया। करंट लगने से कार्तिक गंभीर रूप से झुलस गया।

बच्चे की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं, इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की बस्ती के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन को हटवाने या सुरक्षित करने के लिए कई अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत लाइन की समस्या का समाधान कर दिया जाता तो शायद यह हादसा नहीं होता।










