हाथरस।सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 16 नवंबर से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा चलाया जा रहा है। सोमवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहनों और दोपहिया बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। तेज गति से वाहन न चलाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन सहित किसी भी तरह की लापरवाही से बचें।

उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान स्कूली बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा। साथ ही वाहन चालकों, विभिन्न संगठनों और परिवहन से जुड़े लोगों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने यातायात नियमों से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर फ्लैग मार्च किया और लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने कैडेट्स एवं दोपहिया वाहन चालकों से यातायात संकेतकों के संबंध में जानकारी भी ली।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि थोड़ी सी सावधानी अनमोल जीवन को बचा सकती है।










