हाथरस।जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनसुनवाई के दौरान अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े। अधिकारी केवल आदेश जारी करने तक सीमित न रहें, बल्कि शिकायतों के प्रभावी निस्तारण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित करें।

वहीं, लंबे समय से लंबित मामलों में राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। भूमि विवादों के मामलों में एसडीएम और सीओ को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि विवादों का स्थायी समाधान हो सके।










