हाथरस में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित है। दृश्यता घटकर मात्र 10 मीटर रह गई। यह कोहरा कल रात से ही छाया हुआ है और कल पूरे दिन धूप नहीं निकली थी। घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई, जिससे चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे और कड़ाके की ठंड ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया। सुबह शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोगों की आवाजाही कम रही। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव तापते नजर आए।
आज का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घने कोहरे का असर यातायात व्यवस्था पर भी स्पष्ट रूप से देखा गया। रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या में कमी आई है, वहीं कई ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।
हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आने वाली फरक्का एक्सप्रेस 9 घंटे, टाटा नगर एक्सप्रेस 2 घंटे और नेताजी एक्सप्रेस डेढ़ घंटा देरी से चल रही है। इसी तरह, हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर गांधीधाम स्पेशल फेयर ट्रेन साढ़े आठ घंटे की देरी से पहुंच रही है।







