हाथरस। तालाब ओवरब्रिज पर सोमवार शाम ट्रैक्टर की टक्कर से 18 वर्षीय छात्रा खुशबू अग्रवाल पुत्री डॉ. संजीव अग्रवाल निवासी पुराना मिल कंपाउंड गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल से आगरा रेफर किए जाने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वह नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
बताया गया कि खुशबू अलीगढ़ रोड स्थित कोचिंग सेंटर से स्कूटी पर घर लौट रही थी। शाम करीब 7:30 बजे ओवरब्रिज पर एक ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मचा है, जबकि स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज पर बैरियर और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है।










