ओवर ब्रिज पर एक्सीडेंट में हुई छात्रा की मौत के बाद व्यापारियों औऱ स्थानीय लोगों में आक्रोश, मानव श्रृंखला बनाकर किया प्रदर्शन

0
23

 

हाथरस। तालाब चौराहा ओवरब्रिज पर हुए सड़क हादसे में 18 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान मौत के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। विरोध स्वरूप लोगों ने ओवरब्रिज पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।

बताया गया कि सोमवार की शाम छात्रा नीट परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग से घर लौट रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि तालाब चौराहा ओवरब्रिज की चौड़ाई कम होने और यातायात का दबाव अधिक रहने के कारण यहां आए दिन हादसे होते हैं। साथ ही ओवरब्रिज के नीचे उतरने वाले मोड़ भी बेहद खतरनाक हैं।

लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। मौके पर एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह, सीओ सिटी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here