हाथरस। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर थाना सहपऊ क्षेत्र के चर्चित हनुमान टीला बाबा हत्याकांड, डाकघर से स्वैप मशीन चोरी और कैनरा बैंक सेंधमारी की तीनों घटनाओं का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एसओजी, एंटी थेफ्ट टीम और थाना सहपऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सरिया, ईंट तथा चोरी की गई स्वैप मशीन के पार्ट्स भी बरामद किए हैं।
एसपी ने बताया कि करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, यक्ष (YAKSH) ऐप, तकनीकी विश्लेषण, सर्विलांस और ग्राउंड इंटेलिजेंस के आधार पर तीनों घटनाओं का सफल खुलासा किया गया। जांच में सामने आया कि एक ही गैंग ने हत्या, डाकघर चोरी और बैंक सेंधमारी की वारदातों को अंजाम दिया था।
गिरफ्तार मुख्य आरोपियों की पहचान करन कुमार पुत्र अजय मेहरा निवासी जाटवपुरी, सहपऊ तथा सनी उर्फ धांसू पुत्र रामगोपाल निवासी नई बस्ती जाटवपुरी, सहपऊ के रूप में हुई है। इनके साथ एक बाल अपचारी भी शामिल था। पूछताछ में आरोपियों ने तीनों वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।









