हाथरस।आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शासन के निर्देश पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की अध्यक्षता में कांवड़ शिविर संचालकों एवं कांवड़िया संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के विभिन्न कांवड़ शिविरों के प्रतिनिधियों सहित करीब 200 पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान पिछले 15 से 20 दिनों से चल रही तैयारियों की समीक्षा की गई तथा शिविर संचालकों से सुझाव और समस्याएं जानकर उनके समाधान पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान और डायवर्जन व्यवस्था तैयार की गई है। इसकी जानकारी सभी शिविर संचालकों को दी गई, ताकि यात्रा के दौरान यातायात सुचारु रहे और कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन की ओर से एक डिजिटल पीडीएफ बुकलेट भी जारी की जाएगी, जिसमें स्टैटिक एवं मोबाइल मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों, चिकित्सकों, पशु चिकित्सकों, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों के संपर्क नंबर उपलब्ध रहेंगे। इससे आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारी से तुरंत संपर्क किया जा सकेगा।
बैठक में बताया गया कि हाथरस प्रदेश का प्रमुख ट्रांजिट जनपद है, जहां से प्रतिवर्ष कासगंज और अलीगढ़ की ओर से जल लेकर लौटने वाले लगभग चार से पांच लाख कांवड़िये गुजरते हैं। प्रशासन ने सभी शिविर संचालकों से श्रद्धालुओं के प्रति सौहार्दपूर्ण, सहयोगात्मक और मर्यादित व्यवहार बनाए रखने की अपील की।










