ईटों से भरे ट्रैक्टर ट्राली ने साइकिल सवार को रौंदा, ट्राला के नीचे दबकर किसान की हुई दर्दनाक मौत

0
8

 

हाथरस जिले के थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सासनी-जलेसर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास हुआ, जहां ईंटों से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉला ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉला अनियंत्रित होकर पलट गया और साइकिल सवार उसके नीचे दब गया।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना हाथरस जंक्शन पुलिस, डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन ट्रॉला के नीचे दबे व्यक्ति को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान शिशपाल सिंह पुत्र उदल सिंह, निवासी ग्राम पुन्नेर, हाल निवासी देवी नगर रोड, हाथरस जंक्शन, उम्र लगभग 50 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिशपाल सिंह अपनी साइकिल से खेत की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉला को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही चालक की तलाश और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here