हाथरस। थाना मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव कंचना में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान 25 वर्षीय कल्पना पत्नी पुष्पेंद्र सिंह के रूप में हुई है। विवाहिता की मौत के बाद दोनों पक्षों के परिजन मौके पर एकत्रित हो गए।
बताया गया है कि कल्पना का मायका सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बिसावर के नगला छत्ती में है, जबकि उसकी शादी करीब छह वर्ष पूर्व मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव कंचना निवासी पुष्पेंद्र सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद उसे एक पुत्र हुआ। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग लंबे समय से दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न कर रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि कुछ समय से बीमार चल रही कल्पना का समुचित उपचार नहीं कराया गया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
विवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष में शोक की लहर दौड़ गई। मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।










