हाथरस के सिकंद्राराऊ में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समीक्षा बैठक में दिए गए सख्त निर्देशों के बाद स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
शनिवार को उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र चौहान और क्षेत्राधिकारी अमित पाठक ने कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन के आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विद्युत विभाग, नगर पालिका समेत अन्य विभागों को यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान लगाए जाने वाले शिविर और सेवा कैंप के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति कोई भी शिविर या कैंप संचालित नहीं किया जा सकेगा।
अधिकारियों के मुताबिक, पूरे श्रावण मास चलने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।










