शिक्षक भर्ती में रिक्त पदों,चयनित अभ्यर्थियों और लंबित मामलों की जानकारी प्राप्त करने की मांग को लेकर बीटीसी प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन

0
14

 

हाथरस। शिक्षक भर्ती में रिक्त पदों, चयनित अभ्यर्थियों और लंबित मामलों की जानकारी प्राप्त करने की मांग को लेकर शुक्रवार को बीटीसी प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अभ्यर्थियों ने 12,460 शिक्षक भर्ती के अंतर्गत जनपद हाथरस में हुए चयन, रिक्त पदों, होल्ड किए गए अभ्यर्थियों तथा नियुक्ति प्राप्त अभ्यर्थियों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान मुख्य प्रार्थी शुभम वाष्ण्रेय पुत्र श्याम बाबू वाष्ण्रेय निवासी मोहल्ला दमदम, पुरानी तहसील, सिकंद्राराऊ जनपद हाथरस रहे।

अभ्यर्थियों ने ज्ञापन में मांग की कि वर्ष 1981 की नियमावली के रूल 14(ए) के तहत जनपद में कितने अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, इसकी जानकारी दी जाए। साथ ही सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अंतर्गत कितने पद भरे गए हैं और कितने पद अभी रिक्त हैं, इसका भी स्पष्ट ब्यौरा उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा भर्ती प्रक्रिया में अब तक कितने अभ्यर्थी फर्जी पाए गए हैं और उनके विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी भी मांगी गई।

ज्ञापन में अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि 9 जून को जारी एक आदेश में सभी जनपदों के अभ्यर्थियों की 17 और 18 जून को काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन हाथरस जनपद में अभी तक इस संबंध में कोई सूचना जारी नहीं की गई है। उनका कहना है कि जनपद के 98 अभ्यर्थियों की अब तक काउंसलिंग नहीं कराई गई है। अभ्यर्थियों ने मांग की कि शासनादेश के अनुरूप शीघ्र काउंसलिंग कराकर रिक्त पदों को भरा जाए और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में बीटीसी प्रशिक्षित अभ्यर्थी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here