हाथरस। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत संगठन के तत्वावधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशन में तहसील सदर परिसर में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने उपभोक्ताओं के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह को सौंपा। प्रदर्शन के माध्यम से संगठन ने अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) प्रणाली में सुधार की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि विभिन्न कंपनियां उत्पादों पर मनमाने ढंग से एमआरपी निर्धारित कर देती हैं, जिससे उपभोक्ताओं को वास्तविक मूल्य से अधिक भुगतान करना पड़ता है। संगठन का आरोप है कि एमआरपी की संरचना स्पष्ट नहीं होने के कारण आम ग्राहक इसकी वास्तविकता से अनभिज्ञ रहता है और कई बार उत्पाद की गुणवत्ता व लागत के अनुरूप न होने पर भी अधिक कीमत चुकाने को मजबूर होता है। पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था का लाभ व्यापारियों और निर्माताओं को मिल रहा है, जबकि उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
संगठन ने उद्योग मंत्रालय एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के माध्यम से ऐसा प्रभावी कानून बनाए जाने की मांग की, जिससे एमआरपी निर्धारण प्रक्रिया पारदर्शी हो और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मनोज बूटिया, जिला सचिव लोकेंद्र अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष मनोज वर्मा, नगर अध्यक्ष राम अग्रवाल, मंत्री अभय बंसल, भगवती प्रसाद शर्मा, विष्णु कुमार, राजकुमार पाराशर, प्रांतीय रोजगार सृजन प्रमुख अनूप अग्रवाल, प्रांतीय संगठन मंत्री राजेश कुमार अग्रवाल एडवोकेट सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







