हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मथुरा-कासगंज रेल मार्ग पर देर रात एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान गांव पुन्नेर निवासी 28 वर्षीय रईस मोहम्मद पुत्र दीन मोहम्मद के रूप में हुई है। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि रईस मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार करीब एक माह पहले वह अपनी पत्नी के साथ मजदूरी करने हरियाणा गया था, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद उसकी पत्नी मायके चली गई और रईस वापस अपने गांव लौट आया।
परिजनों का कहना है कि पत्नी से अलगाव और ससुराल पक्ष से हुए विवाद के बाद रईस मानसिक तनाव में रहने लगा था। इसी तनाव के चलते उसने देर रात ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।








