हाथरस में केंद्र सरकार के सेवा, सम्मान, संस्कार एवं सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में जनपद के प्रबुद्ध नागरिकों एवं चिकित्सकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा बीते 12 वर्षों में किए गए कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को विस्तार से बताया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार ने पिछले 12 वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में लगभग 55 करोड़ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में लगभग 25 लाख गर्भवती महिलाओं की जांच की गई है। वहीं, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए प्रदेश में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 70 हजार बालिकाओं को निःशुल्क वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
सीएमओ ने बताया कि प्रदेश में संचालित 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवाओं के माध्यम से दुर्घटना एवं आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों, गर्भवती महिलाओं तथा बच्चों को घर से अस्पताल और अस्पताल से घर तक निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इसके अलावा प्रदेश में लगभग 18 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं, जहां मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ कैंसर, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप जैसे गैर-संचारी रोगों की जांच और उपचार की निःशुल्क सुविधा ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जा रही है। टेलीमेडिसिन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की ऑनलाइन परामर्श सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि टीवी मुक्त भारत अभियान के तहत गांव-गांव और शहर-शहर आयुष्मान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में क्षय रोग के मरीजों की जांच, एक्स-रे तथा दवाइयों की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर ही सुनिश्चित की जा रही है, जिससे मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सके।









