थाना सिकंदराराऊ पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट के दौरान कॉपर सिल्ली की चोरी/गबन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर करीब 52 लाख कीमत की 26 कॉपर सिल्ली, दो तमंचे तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को हरदोई निवासी पुष्पेंद्र सिंह ने थाना सिकंदराराऊ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी का कॉपर लदा ट्रक अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा। जीपीएस लोकेशन के आधार पर ट्रक सिकंदराराऊ क्षेत्र में लावारिस अवस्था में मिला, जबकि उसमें लदा अधिकांश कॉपर गायब था। इस संबंध में थाना सिकंदराराऊ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में एसओजी और थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 25 जुलाई को एटा-अलीगढ़ बाईपास के पास छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि ट्रक चालक की मिलीभगत से करीब तीन महीने पहले पूरी साजिश रची गई थी। आरोपियों ने ट्रक से कॉपर सिल्ली उतारकर जंगल में छिपा दी और ट्रक को लावारिस छोड़ दिया, ताकि घटना लूट जैसी प्रतीत हो और पुलिस गुमराह हो जाए। बरामद कॉपर सिल्ली को दिल्ली में बेचने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने गिरोह को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुमार उर्फ बंटू एटा, कुलदीप उर्फ मोहित उर्फ मामा मैनपुरी, दुर्वेश यादव उर्फ झम्मू कासगंज, पवन यादव एटा, पुष्पेंद्र फिरोजाबाद और अवधेश यादव कासगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी समेत विभिन्न जनपदों में कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।










