हाथरस। थाना सहपऊ क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक और एक विवाहिता द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि महिला का आगरा के मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव रुदायल निवासी 23 वर्षीय रतन सिंह पुत्र पप्पू सिंह ने करीब तीन दिन पहले कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया था। परिजन उसका उपचार एक निजी अस्पताल में करा रहे थे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग में एक विवाहिता ने भी जहरीला पदार्थ खाया था, जिसका आगरा के मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों ने परिजनों की रोक-टोक से परेशान होकर यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










