हाथरस। थाना सासनी क्षेत्र के गांव हाशिमपुर में पुरानी रंजिश के चलते 50 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड दिनेश कुमार शर्मा की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल दिनेश को उपचार के लिए अलीगढ़ के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, दिनेश कुमार शर्मा गांव के एक स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड थे। उनका गांव के ही कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि देर रात दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके घर के बाहर बना चबूतरा तोड़ दिया। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। ड्यूटी से घर लौटने पर आरोपियों ने दिनेश कुमार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में दिनेश के अलावा कुछ अन्य लोग भी घायल हुए।
घटना के बाद परिजन गंभीर हालत में दिनेश कुमार को अलीगढ़ के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को गांव लेकर आए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।










