हाथरस। ब्लॉक मुरसान की ग्राम पंचायत ताजपुर के माजरा उझनेरा में पिछले करीब एक वर्ष से मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीण गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी अतुल वत्स को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर लगातार जलभराव रहने से लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। कीचड़ और पानी के कारण कई बार बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे फिसलकर घायल भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे तेजवीर सिंह ठेनुआ ने बताया कि गांव के मुख्य मार्ग पर पिछले एक साल से जलभराव बना हुआ है। करीब 10-12 दिन पहले भी इस संबंध में जिलाधिकारी को शिकायत दी गई थी। शिकायत के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण भी किया, लेकिन इसके बावजूद समस्या का निस्तारण नहीं हो सका।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को ग्रामीणों ने दोबारा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र दिया। इस पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जल्द ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके।










