हाथरस:भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की मासिक पंचायत मंगलवार को सासनी तहसील परिसर में जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार (भोला सूर्यवंशी) के नेतृत्व में आयोजित की गई। पंचायत के बाद किसानों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार सासनी को सौंपा।
ज्ञापन में किसानों ने कहा कि सासनी मंडी में अत्यधिक जलभराव के कारण किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मंडी परिसर से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।
इसके अलावा ग्राम अकबरपुर (सीकुर) के मुख्य मार्ग पर कई वर्षों से जलभराव और पानी की निकासी न होने के कारण आवागमन बाधित होने की बात कही गई। किसानों का कहना है कि इससे ग्रामीणों को बीमारियों और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए इस समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाए।
ज्ञापन में बिजली विभाग द्वारा की जा रही लगातार बिजली कटौती पर भी नाराजगी जताई गई और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस दौरान संजीव सूर्यवंशी, सुनील शर्मा, धीरज सूर्यवंशी, रोहित कुमार, गगन ठाकुर, अमन कुमार, अजीत कुमार, शैलेंद्र सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।










