हाथरस पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना मुरसान पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुखवीर फौजी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया हैल
जानकारी के अनुसार 14 जून 2026 को मुरसान थाना क्षेत्र में सुनील नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई विकास कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया था।
इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों अजय सिंह और चंदन को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी सुखवीर फौजी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार रविवार को मुरसान थाना पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पटा खास चौराहे के पास पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही दबोच लिया गया।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी की गोली पुलिस की गाड़ी और थाना प्रभारी मुरसान की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी लगी। हालांकि पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखवीर फौजी पुत्र मलखान सिंह निवासी नगला भाऊ, थाना मुरसान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, मृतक का पर्स और बिना नंबर की हीरो पैशन मोटरसाइकिल बरामद की है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









