हाथरस।23 जून को हाथरस के औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर में प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एस.के. भगत ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, मंच, पंडाल, वीवीआईपी मार्ग, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, मीडिया दीर्घा, हेलीपैड और यातायात व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंच एवं पंडाल व्यवस्था, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधाएं, स्वच्छता, पार्किंग और यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई हैं।
वहीं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यातायात नियंत्रण, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा निगरानी के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सासनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।









