सहपऊ-सादाबाद-जलेसर मार्ग पर गांव मानिकपुर के निकट रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के लिए भारी गार्डर लेकर जा रहा एक 18 टायरा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में ट्रक चालक और परिचालक पूरी तरह सुरक्षित रहे।
बताया जा रहा है कि ट्रक आगरा से रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पांच विशाल गार्डर लेकर जलेसर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन मानिकपुर के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर चढ़ने के लिए पहुंचा, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रक पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। दुर्घटना के चलते कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक किसी अन्य वाहन या राहगीर की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।









