हाथरस पुलिस के “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत एक बार फिर संवेदनशील और तत्पर पुलिसिंग की मिसाल देखने को मिली है। थाना सासनी पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर 14 वर्षीय लापता बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
बताया गया कि 23 जुलाई को ग्राम लुटसान निवासी एक महिला अपनी पुत्री और चाची के साथ हाथरस जंक्शन के मेण्डू स्थित दरगाह पर चादर चढ़ाने गई थी। इसी दौरान बालिका नाराज होकर बिना बताए कहीं चली गई। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद परिजनों ने थाना सासनी पुलिस को सूचना दी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर थाना सासनी पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। पुलिस ने बच्ची की फोटो लेकर बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मात्र 8 घंटे के अंदर फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने हाथरस पुलिस के कार्य की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत हाथरस पुलिस का यह प्रयास एक बार फिर जनता के बीच विश्वास को मजबूत करता नजर आ रहा है।










