हाथरस।समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में शुक्रवार को शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जा रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने अलीगढ़ रोड स्थित बीएलएस स्कूल के सामने रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हुई, जिससे कुछ देर के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस को पहले से प्रदर्शन की सूचना होने के कारण जिला कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
सपा कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद उन्हें पार्टी कार्यालय जाने की अनुमति दे दी गई। जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। इसके बाद पार्टी नेताओं ने कार्यालय के बाहर ही राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन पुलिस अधिकारियों को सौंपकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
ज्ञापन में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए देश में सामान्य लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल करने की अपील की गई। सपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को कार्यालय तक पहुंचने से रोका गया तथा कई लोगों को हाउस अरेस्ट करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन स्वीकार नहीं किया जाएगा और समाजवादी पार्टी जनहित के मुद्दों पर अपना संघर्ष जारी रखेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।










