हाथरस। मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने मंगलवार को मुरसान ब्लॉक के दयालपुर, कथरिया समेत पांच गांवों का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों और आगामी 1 जुलाई से शुरू होने वाली वीबी. जी.राम.जी. योजना की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जलभराव, अतिक्रमण और सरकारी भूमि से जुड़े मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दयालपुर गांव में मनरेगा कैंटीन के पीछे स्थित करीब सवा हेक्टेयर गौचर भूमि का निरीक्षण करते हुए सीडीओ ने बताया कि भूमि का चिन्हांकन हो चुका है और यहां जी.राम.जी. योजना के तहत विकास कार्य कराए जाएंगे।
प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री वॉल पर पिछले करीब 20 दिनों से गिरे पेड़ को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। मौके से ही जियो-टैग फोटो डीएफओ को भेजकर तत्काल पेड़ हटाने के निर्देश दिए, जिस पर अगले दिन तक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
ग्राम सचिव की शिकायत पर जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करने पर कई स्थानों पर समरसेबल का पानी सड़कों पर बहता मिला। इस पर संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई। वहीं प्राथमिक विद्यालय के खेल मैदान पर किए गए अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए कब्जाधारियों को दो दिन के भीतर इसे हटाने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए दो फीट चौड़ी और दो फीट गहरी कच्ची नाली बनवाने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के दौरान पानी की निकासी सुचारु हो सके। निरीक्षण के दौरान ग्राम सचिव, संबंधित विभागों के कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।










