हाथरस शहर के वार्ड संख्या-22 स्थित दुर्गा कॉलोनी, कपूरा रोड के निवासियों ने अपनी गली की अधूरी सड़क का निर्माण पूरा कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है। लोगों का कहना है कि करीब दो वर्ष पहले 150 मीटर लंबी सड़क में केवल 50 मीटर का निर्माण कराया गया था, जबकि शेष 100 मीटर सड़क आज भी अधूरी पड़ी है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, अधूरे निर्माण के दौरान नालियों का पानी सड़क पर छोड़ दिया गया, जिससे बरसात में गली में जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती है। लोगों का कहना है कि सड़क पर हमेशा पानी भरा रहने से आवागमन बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल ले जाने और लोगों को अपने दैनिक कार्यों पर आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि इस संबंध में कई बार वार्ड सभासद अजय राज, पूर्व चेयरमैन आशीष शर्मा और वर्तमान चेयरमैन श्रीमती श्वेता चौधरी से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी से अधूरी पड़ी करीब 100 मीटर सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। प्रार्थना पत्र पर कई स्थानीय निवासियों के हस्ताक्षर भी हैं।










