हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के बृजबाला कुआं मोहल्ले में घर के पंखे की मरम्मत कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार बृजबाला कुआं निवासी 30 वर्षीय दीपक कुमार जोशी पुत्र महेश चंद जोशी अपने घर में लगे पंखे में कंडेंसर लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। युवक की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें जिला बागला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। दीपक अपने पीछे पत्नी, चार बच्चों, माता-पिता और भाइयों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










