दहेज उत्पीड़न से तंग विवाहिता की मौत, पति समेत पांच पर मुकदमे की मांग

0
16

 

थाना सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला करीमनगर निवासी एक युवक ने अपनी बहन की मौत को दहेज उत्पीड़न का परिणाम बताते हुए पति समेत पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी बहन ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मोहल्ला करीमनगर निवासी पंकज उपाध्याय पुत्र हर नारायण उपाध्याय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन कोमल उर्फ मीनाक्षी उपाध्याय का विवाह करीब ढाई वर्ष पहले कासगंज के सूत की मंडी निवासी अमित उपाध्याय पुत्र शिव कुमार उपाध्याय के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार किया गया था।

तहरीर के अनुसार, विवाह के बाद से ही पति, सास, ससुर, ननद और ननदोई अतिरिक्त दहेज में नकदी, जेवर और कार की मांग को लेकर कोमल का मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न करते थे। आरोप है कि कई बार मांगें पूरी करने के बावजूद उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।

परिजनों का आरोप है कि 28 जून को ससुराल पक्ष ने कोमल के साथ फिर मारपीट की। इसके बाद उसने अपने भाई को फोन कर बुलाया, जिस पर वह उसे मायके ले आया। मायके आने के बाद भी वह गहरे मानसिक तनाव में थी और ससुराल में हुई प्रताड़ना को लेकर परेशान रहती थी।

इसी दौरान उसने आत्महत्या का प्रयास कर लिया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका का पोस्टमार्टम भी अलीगढ़ में कराया गया।

मृतका के भाई ने पति अमित उपाध्याय, ससुर शिव कुमार, सास अलका, ननद और ननदोई सोनू के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। आरोपों की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here