हाथरस। मुरसान थाना क्षेत्र के गांव गिलोदपुर निवासी एक अनपढ़ दंपति ने अपनी रिश्तेदार महिला पर तीन बीघा जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित सुक्को देवी और उनके पति पूरन सिंह का कहना है कि कुछ वर्ष पूर्व उन्हें चार लाख रुपये की आवश्यकता थी, जिस पर उन्होंने अपनी जमीन गिरवी रखने के बदले रिश्ते की बहन से रुपये लिए थे।
आरोप है कि महिला ने गिरवी पत्र की जगह धोखे से जमीन का बैनामा करा लिया। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने ब्याज समेत करीब सात लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन जमीन लौटाने के बजाय उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जमीन वापस मांगने पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें धमकाया गया। परिवार पिछले ढाई वर्ष से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर एसपी हाथरस के निर्देश पर मुरसान पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ितों का आरोप है कि विवेचना के दौरान उन्हें ही प्रताड़ित किया जा रहा है।









