हाथरस में शनिवार को तहसील सदर में एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान एसडीएम राज बहादुर सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, जिससे लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर तहसील परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कैंप भी लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। इस दौरान तहसीलदार लक्ष्मी नारायण बाजपेई, नायब तहसीलदार नीरज कुमार शर्मा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









