हाथरस से एक अच्छी पहल सामने आई है, जहां आम लोगों तक कानूनी सेवाएं और जागरूकता पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को एक विशेष बहुउपयोगी वाहन, यानी न्याय रथ उपलब्ध कराया गया है। इस न्याय रथ को आज जनपद न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गयाl
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हाथरस को कानूनी सेवाओं के प्रचार-प्रसार के लिए एक विशेष बहुउपयोगी विधिक सेवा वाहन, न्याय रथ उपलब्ध कराया गया है।
मंगलवार को जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विनय कुमार-III ने समस्त न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति में इस न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह वाहन आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत और मध्यस्थता अभियान के अंतर्गत जनपद के शहर, तहसील, ब्लॉक और गांव-गांव जाकर लोगों को कानूनी अधिकारों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी देगा।
जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-III ने बताया कि इस न्याय रथ के माध्यम से पराविधिक स्वयंसेवक गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक तंगी या जानकारी के अभाव में न्याय पाने से वंचित न रह जाए।
वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने कहा कि विधिक सेवाओं की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। इस गतिशील वाहन के माध्यम से लोगों को यह जानकारी मिल सकेगी कि संकट के समय कानून किस तरह उनकी ढाल बन सकता है और वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवाओं का लाभ कैसे प्राप्त कर सकते हैं।
इस मौके पर जनपद न्यायालय हाथरस के समस्त न्यायिक अधिकारी, न्यायिक कर्मचारी और पराविधिक स्वयंसेवक भी मौजूद रहे।
अब यह न्याय रथ जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों को कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करेगा।









