हाथरस में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
तीन दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा के द्वितीय दिवस की प्रथम पाली के दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने डीआरबी इंटर कॉलेज और सरस्वती इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम का जायजा लिया तथा कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों में चल रही गतिविधियों की निगरानी की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, छायादार प्रतीक्षा स्थल, बैठने की समुचित व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर मेडिकल टीम की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संचालित हो रही है। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों और उनके आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों को सघन जांच और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी पालियों की परीक्षाएं भी पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराई जाएंगी। उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
फिलहाल दूसरे दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने आगामी पालियों के लिए भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तैयारी होने का दावा किया है।







