हाथरस।मानसून से पहले शहर में साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया हुआ है। मंगलवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स ने नगर पालिका टीम के साथ विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर नालियों की सफाई और रोस्टर व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सरस्वती इंटर कॉलेज के पास स्थित मुख्य चोक पॉइंट सहित कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था की स्थिति देखी गई। इस दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पाया कि नालियों से निकाला गया कचरा समय पर नहीं हटाया जा रहा है और उसे सड़क किनारे ही छोड़ दिया जाता है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सफाई कार्य में लगी थर्ड पार्टी एजेंसी के कार्य पर नाराजगी जताते हुए कहा कि एजेंसी को पहले भी नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो एजेंसी का टेंडर निरस्त कराने के लिए सक्षम स्तर पर पत्र भेजा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान बाजार क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा डस्टबिन न रखने और नालियों में पॉलीथीन व अन्य कचरा फेंके जाने पर भी अधिकारियों ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि आम नागरिकों की भी है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों और नागरिकों के खिलाफ नगर पालिका अधिनियम एवं पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।







