हाथरस! जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में हाथरस पुलिस लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। इसी का परिणाम है कि आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में हाथरस पुलिस ने लगातार छह माह से प्रदेश में पहला स्थान बनाए रखा है। फरवरी 2026 में भी उत्कृष्ट कार्य करते हुए हाथरस पुलिस को उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
इस उपलब्धि के पीछे पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा का प्रभावी नेतृत्व और लगातार मॉनिटरिंग अहम मानी जा रही है। उनके निर्देशन में सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर जाकर समाधान करने, निस्तारण की लोकेशन सहित फोटो अपलोड करने और शिकायतकर्ता से सीधे संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही आईजीआरएस फीडबैक सेल के माध्यम से प्रत्येक शिकायतकर्ता से संपर्क कर समाधान की गुणवत्ता का भी आकलन कराया गया।
पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली के चलते हाथरस पुलिस को यह लगातार बड़ी सफलता मिल रही है। इस उपलब्धि पर एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहने का संदेश दिया।









