हाथरस में गुरु पूर्णिमा का पर्व सेवा, संस्कार और सम्मान के संदेश के साथ मनाया गया। न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति के तत्वावधान में नगला भूस, आगरा रोड स्थित वृद्ध आश्रम में एक प्रेरणादायी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर में भगवान के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण और वंदना के साथ हुई। इसके बाद समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आश्रम में निवास कर रहे वृद्धजनों को चंदन का तिलक लगाकर एवं सम्मान स्वरूप पटका पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान समिति के सदस्यों ने बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। बुजुर्गों के स्नेह और आत्मीय शब्दों ने पूरे वातावरण को भावुक और आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम में सभी वृद्धजनों के लिए स्वादिष्ट दोपहर के भोजन एवं महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई, जिसका सभी ने प्रेमपूर्वक ग्रहण किया। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु वंदन का पर्व नहीं, बल्कि सेवा और सम्मान का संदेश देने वाला अवसर भी है।
कार्यक्रम में समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। वहीं, वृद्ध आश्रम प्रबंधन ने समिति के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों के आयोजन की अपेक्षा जताई।
गुरु पूर्णिमा पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।










