हाथरस।बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व जिलेभर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा का निर्वहन करते हुए शिष्यों ने अपने गुरुओं का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गुरु दक्षिणा अर्पित की।
शहर के विभिन्न स्थानों पर गुरु भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। चामड़ गेट स्थित नई धर्मशाला में पार्वती वल्लभ जी महाराज का उनके शिष्यों ने विधि-विधान से पूजन किया। वहीं भागवताचार्य सीपू जी महाराज का भी शिष्यों ने पूजन कर आशीर्वाद लिया। इधर इगलास रोड स्थित अनन्या फार्म हाउस में भागवताचार्य श्रवण कुमार भारद्वाज के शिष्यों ने उनका पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान भागवताचार्य श्रवण कुमार भारद्वाज ने कहा कि गुरु का स्थान भगवान से भी ऊंचा माना गया है और उनकी कृपा के बिना श्रेष्ठ ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। गुरु पूर्णिमा के साथ मुड़िया पूर्णिमा का पर्व भी मनाया गया। सुबह से दोपहर तक श्रद्धालुओं का अपने गुरुओं के दर्शन और आशीर्वाद लेने का सिलसिला लगातार जारी रहा।










